सीतामढ़ी में हाई-प्रोफाइल चोरी से हड़कंप, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
सीतामढ़ी। जिले के मेहसौल थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रताप नगर, वार्ड संख्या–22 में हुई एक हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बेखौफ चोरों ने एक बड़े और प्रतिष्ठित घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी समेत कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने सीवान के एडिशनल एसपी संजय कुमार झा के भाई विजय कुमार झा के आवास में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जैसे ही इस घटना की सूचना पुलिस को मिली, महकमे में हलचल मच गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेहसौल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया कुछ सामान भी बरामद किया है। हालांकि, इस वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और फरार चोरों की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
वहीं, इलाके के लोगों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
