सीतामढ़ी में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला: प्रेम विवाह से नाराज सरपंच ने युवक की पिटाई कराई, मौत के बाद गिरफ्तार

0
img-20260308-wa00088940109780756594593

सीतामढ़ी। जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां प्रेम प्रसंग से नाराज दबंग सरपंच ने अपने समर्थकों के साथ मिलकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


मिली जानकारी के अनुसार, सरपंच की भतीजी और राजू साह नामक युवक के बीच पिछले करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों ने परिवार के विरोध के बावजूद शादी करने का फैसला किया था। बताया जाता है कि घटना के दिन युवती गांव के कुछ परिचितों की मदद से शहर के प्रसिद्ध पुनौराधाम मंदिर पहुंची थी, जहां दोनों विवाह करने वाले थे।


इसी दौरान सरपंच राजीव रंजन को इसकी जानकारी मिल गई। गुस्से में सरपंच अपने कुछ समर्थकों के साथ पुनौराधाम मंदिर पहुंच गया और वहां से युवक-युवती को जबरन पकड़कर गांव ले आया।


गांव पहुंचने के बाद सरपंच और उसके सहयोगियों ने राजू साह की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed