सीतामढ़ी में जन शिकायत सुनवाई: पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने सुनीं आम जनता की समस्याएँ, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
सीतामढ़ी। आम लोगों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सीतामढ़ी जिले में प्रतिदिन जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक अमित रंजन द्वारा जन शिकायत सुनवाई आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
शिकायत सुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लोगों की बातों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। प्राप्त आवेदनों में भूमि विवाद, साइबर अपराध, पारिवारिक विवाद, चोरी सहित अन्य कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों की शिकायतें प्रमुख रहीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी एवं अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा और मजबूत हो सके।
जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे जिला स्तर के अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है। इससे न केवल समस्याओं के समाधान में तेजी आई है, बल्कि जनता में भी संतोष देखने को मिल रहा है। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे आगे भी नियमित रूप से जारी रखने की उम्मीद जताई।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
