उत्तर बिहार के विकास को नई रफ्तार देगी सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली रेल लाइन

0
img-20260117-wa00156221249640256674996

सीतामढ़ी। करीब 17 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारतीय रेलवे ने 188 किलोमीटर लंबी सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली रेल परियोजना को आखिरकार मंजूरी दे दी है। यह बहुप्रतीक्षित परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होने वाली है।


परियोजना को हरी झंडी मिलने के साथ ही अब इसका डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार किया जाएगा। डीपीआर के पूरा होते ही निर्माण कार्य की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस नई रेल लाइन के शुरू होने से न केवल यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि उत्तर बिहार के मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्रों को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक मजबूती भी मिलेगी।


इस रेल मार्ग से सीतामढ़ी, मधुबनी और सुपौल जिलों को सीधा लाभ पहुंचेगा। साथ ही आसपास के सैकड़ों गांवों के लोगों को बेहतर और आसान रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। व्यापारियों को माल ढुलाई में सहूलियत मिलेगी, छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हेतु दूसरे शहरों तक पहुंच आसान होगी और नौकरीपेशा लोगों का समय व खर्च दोनों बचेगा।
इसके अलावा यह परियोजना सीमावर्ती इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी।

इससे क्षेत्रीय असंतुलन कम होगा और विकास की रफ्तार तेज होगी। कुल मिलाकर, सीतामढ़ी–जयनगर–निर्मली रेल लाइन मिथिलांचल और सीमांचल के लिए एक गेमचेंजर साबित होगी और आने वाले वर्षों में उत्तर बिहार के विकास की तस्वीर को नई दिशा देगी।

 

रिपोर्ट: नसीम अहमद

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed