सीतामढ़ी में खौफनाक हत्याकांड: पत्नी और बेटों ने मिलकर पति की बेरहमी से की हत्या
सीतामढ़ी जिले के बथनाहा थाना क्षेत्र में मिले सिर कटी लाश मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य हत्याकांड को मृतक फेकन पासवान की दूसरी पत्नी अनिता देवी ने अपने बेटों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद, अवैध संबंध और पैसों का लेन-देन बताया जा रहा है।
31 दिसंबर 2025 को एनएच-22 पर धुर्वाशा कॉलेज के पास सड़क किनारे बोरे में बंद सिर कटी लाश मिली थी। जांच में शव की पहचान फेकन पासवान, निवासी धर्मपुर गांव, बथनाहा थाना क्षेत्र के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित SIT ने तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पत्नी अनिता देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 30 दिसंबर की रात पति को खाना खिलाकर सुलाया गया और फिर दबिया से उसकी हत्या कर दी गई। इस वारदात में उसके बेटे अरुण कुमार और रीशु कुमार भी शामिल थे।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। आरोपी अरुण कुमार ठाकुर को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर असम से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
