सीतामढ़ी में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर सख्ती, महंत साह चौक पर चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान
सीतामढ़ी। शहर में बढ़ते सड़क हादसों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्र महंत साह चौक के पास यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
यातायात थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर प्रशांत कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस की कड़ाई से जांच की गई। बिना हेलमेट या वैध लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर मौके पर ही चालान की कार्रवाई की गई, जिससे नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई।
यातायात थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जानलेवा भी साबित हो सकता है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर आने वाले दिनों में भी इस तरह के सघन वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
