दहेज प्रताड़ना केस में रिश्वतखोरी का खुलासा, महिला थाना की SI व PTC सस्पेंड
सीतामढ़ी।
सीतामढ़ी महिला थाना में दर्ज दहेज प्रताड़ना कांड संख्या 69/25 में रिश्वतखोरी का गंभीर मामला सामने आया है। निगरानी विभाग ने 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए होमगार्ड जवान योगेन्द्र साह को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई के दौरान महिला थाना में पदस्थापित एसआई रचयिता भारती और पीटीसी संगीता देवी मौके से फरार हो गई थीं। दोनों के खिलाफ निगरानी विभाग ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने एसआई रचयिता भारती एवं पीटीसी संगीता देवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। निगरानी विभाग भी पूरे मामले की गहन जांच में जुटा है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
