मानदेय भुगतान के नाम पर घूस लेते मुखिया गिरफ्तार, 16 हजार रुपये के साथ रंगे हाथ दबोचे गए

0
img-20260310-wa00264169887284559728261

सीतामढ़ी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुन्नीसैदपुर प्रखंड के कौड़िया लालपुर पंचायत के मुखिया अवधेश साह को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मानदेय भुगतान के नाम पर मुखिया द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की गई थी, जिसके बाद 16 हजार रुपये में मामला तय हुआ था।


मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत के वार्ड सदस्य अजय पासवान ने इस मामले की लिखित शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत में बताया गया था कि मानदेय भुगतान कराने के लिए मुखिया द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की योजना बनाई।


योजना के तहत शिकायतकर्ता के माध्यम से तय की गई राशि मुखिया को दी गई। जैसे ही मुखिया अवधेश साह ने 16 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग की टीम ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पंचायत क्षेत्र में यह चर्चा का विषय बन गया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम मुखिया को अपने साथ ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed