सीतामढ़ी पुलिस में प्रशासनिक फेरबदल, दो थानों को मिले नए थानाध्यक्ष

सीतामढ़ी जिले में पुलिस प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए दो थानाध्यक्षों का तबादला कर दिया है। यह कार्रवाई जिले के पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देश पर की गई है, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बैरगनिया थाना अध्यक्ष उमाशंकर रजक का ट्रांसफर कर दिया गया है। उनके स्थान पर अब पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार को बैरगनिया थाना की कमान सौंपी गई है। राहुल कुमार की तैनाती को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोगों को उनसे बेहतर पुलिसिंग की उम्मीद है।
वहीं दूसरी ओर बेलसंड थाना में भी बदलाव किया गया है। बेलसंड के वर्तमान थानाध्यक्ष को हटाते हुए इंस्पेक्टर जंगो राम को नया बेलसंड थाना अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। एसपी अमित रंजन द्वारा किए गए इस तबादले को प्रशासनिक सख्ती और सक्रिय पुलिसिंग के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिले में अपराध नियंत्रण, जनता से बेहतर संवाद और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया जाएगा। फिलहाल, नए थानाध्यक्षों की तैनाती के बाद बैरगनिया और बेलसंड क्षेत्र की जनता की निगाहें पुलिस प्रशासन की आगामी कार्यशैली पर टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि यह बदलाव जमीन पर कितना असर दिखाता है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
