बिजली के पोल पर चढ़ा युवक, गांव में मची अफरा-तफरी — पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
सीतामढ़ी। रीगा थाना क्षेत्र के अन्हारी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक अचानक बिजली के पोल पर चढ़ गया। युवक को पोल पर चढ़ते देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों को डर था कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए।
घटना की जानकारी मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संयम और समझदारी के साथ युवक को नीचे उतारने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को सुरक्षित पोल से नीचे उतार लिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है। समय रहते पुलिस की सक्रियता और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि बिजली के पोल पर चढ़ना बेहद खतरनाक हो सकता था।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे और कई लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग पुलिस की सूझबूझ की जमकर सराहना कर रहे हैं।
