सीतामढ़ी सदर अस्पताल में बड़ा सुधार: स्ट्रेचर मैन की बहाली, दलालों पर सख्ती से बदली व्यवस्था

0
img-20260218-wa0018929557083481110510

सीतामढ़ी सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर, पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने की दिशा में प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। जख्मी और गंभीर मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में हाउसकीपिंग एजेंसी के माध्यम से स्ट्रेचर मैन (ट्रॉली मैन) की बहाली की गई है। इससे आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को तुरंत स्ट्रेचर उपलब्ध हो सकेगा और उपचार प्रक्रिया में तेजी आएगी।


अस्पताल प्रबंधक विजय चंद्र झा ने बताया कि यह व्यवस्था जिलाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश पर लागू की गई है। इसका उद्देश्य है कि किसी भी घायल या गंभीर मरीज को वार्ड, जांच कक्ष या इमरजेंसी तक पहुंचाने में देरी न हो। नई व्यवस्था से मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


इसी के साथ अस्पताल परिसर में सक्रिय दलालों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाया गया। पिछले 15–20 दिनों से चल रही कार्रवाई के दौरान बिचौलियों की पहचान कर उन्हें परिसर से बाहर किया गया और नियमित निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण या अवैध दखल अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


दूर-दराज से आने वाले मरीजों और उनके अटेंडेंट की सुविधा के लिए पुराने प्रतीक्षालय को व्यवस्थित कर ठहरने, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।


जिलाधिकारी ने कहा है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का अधिकार है और अस्पताल में पारदर्शी व सम्मानजनक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण और सख्त मॉनिटरिंग के जरिए अस्पताल को एक भरोसेमंद और व्यवस्थित चिकित्सा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

रिपोर्ट: नसीम अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed