सीतामढ़ी स्कूल में दर्दनाक घटना: पंखा विवाद में चौथी की छात्रा की मौत, मचा हड़कंप
सीतामढ़ी (सोनबरसा)। जिले के सोनबरसा प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय सहोरबा में एक मामूली विवाद ने दुखद रूप ले लिया। पंखा चलाने को लेकर चौथी कक्षा की छात्राओं के बीच हुआ झगड़ा मारपीट में बदल गया, जिसमें 11 वर्षीय स्मृति कुमारी की मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, स्मृति कुमारी का अपनी दो सहपाठी छात्राओं से विवाद हुआ था। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत सीतामढ़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पीएमसीएच पटना रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मृतका के पिता के बयान पर दोनों छात्राओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, फोरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव और स्कूल में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखने को मिल रही है। घटना ने स्कूलों में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

