सीतामढ़ी में प्रशासन की सख्ती: गैस एजेंसी व होटलों में छापेमारी, 324 लीटर नेपाली शराब के साथ दो गिरफ्तार

0
img-20260313-wa00256002913427551249388

सीतामढ़ी। जिले में प्रशासन और पुलिस की ओर से अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एक ओर जहां घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को लेकर एसडीओ के नेतृत्व में शहर में छापेमारी की गई, वहीं दूसरी ओर भासर पिकेट पुलिस ने बड़ी मात्रा में नेपाली सौंफी शराब बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।


घरेलू गैस की अनियमित आपूर्ति और दुरुपयोग की शिकायतों के बाद एसडीओ आनंद कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने शहर में कई स्थानों पर छापेमारी की। टीम ने सबसे पहले राजीव गैस एजेंसी में पहुंचकर स्टॉक, वितरण रजिस्टर और अन्य दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कुछ अनियमितताओं की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसके बाद एजेंसी से जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच की गई।


इसके बाद टीम ने शहर के कृष्ण स्वीट्स सहित कई होटल और रेस्टोरेंट में भी जांच अभियान चलाया। अधिकारियों ने यह पता लगाने की कोशिश की कि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग तो नहीं किया जा रहा है। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया और कई जगहों पर संचालक अपने कागजात व्यवस्थित करते नजर आए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में मिली अनियमितताओं के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।


वहीं दूसरी ओर थाना क्षेत्र के भासर पिकेट पुलिस ने ग्राम आमघट्टा में छापेमारी कर 324 लीटर नेपाली सौंफी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है तथा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।


पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed