सीतामढ़ी के सोनापट्टी में कपड़ा दुकान से लाखों की चोरी, व्यवसायियों में आक्रोश
सीतामढ़ी के नगर थाना क्षेत्र स्थित सोनापट्टी में बीती रात चोरों ने एक कपड़ा दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली। अज्ञात चोर देर रात शिव शंकर वस्त्रालय का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कीमती कपड़े सहित अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चोरी की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और व्यवसायियों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रात्रि गश्ती में लापरवाही के कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे अपराधियों का मनोबल मजबूत हो रहा है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। व्यवसायियों ने घटना का जल्द खुलासा करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

