सोनबरसा में अवैध हथियार के साथ तीन गिरफ्तार, सीतामढ़ी में स्पीडी ट्रायल को लेकर प्रशासन सख्त
सीतामढ़ी जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस और प्रशासन दोनों स्तर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। एक ओर सोनबरसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर समाहरणालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निष्पादन और अधिकतम दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस के अनुसार 18 फरवरी की रात ग्राम पकड़ीया स्थित मोबाइल टावर के समीप गुप्त सूचना पर छापेमारी कर तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मामले में सोनबरसा थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद हथियार का उपयोग किसी आपराधिक घटना में हुआ है या नहीं तथा आरोपियों का आपराधिक इतिहास क्या रहा है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि संभावित अपराधों को समय रहते रोका जा सके। आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
इधर समाहरणालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अभियोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस और अभियोजन पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया। बैठक में स्पीडी ट्रायल मामलों की प्रगति, लंबित वादों के निष्पादन और न्यायालय में राज्य पक्ष को मजबूत तरीके से प्रस्तुत करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गंभीर आपराधिक मामलों में गवाहों की गवाही समय पर पूर्ण कर सुनवाई प्रक्रिया को तेज किया जाए, ताकि अभियुक्तों को शीघ्र सजा मिल सके। साथ ही POCSO, एससी/एसटी अत्याचार निवारण, मद्य निषेध, एनडीपीएस और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामलों को प्राथमिकता देकर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन का कहना है कि अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई, स्पीडी ट्रायल और मजबूत अभियोजन के जरिए कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि आमजन को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सके।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
