सीतामढ़ी में बड़ी कार्रवाई: डीएम के निर्देश पर सोनबरसा अल्ट्रासाउंड और राजनंदनी क्लीनिक सील
सीतामढ़ी। आमजनों से लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य सेवाओं में अनियमितता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सीतामढ़ी रिची पाण्डेय के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित सोनबरसा अल्ट्रासाउंड और राजनंदनी क्लीनिक की जांच की।
जांच के दौरान दोनों संस्थान निर्धारित सरकारी मानकों पर खरे नहीं उतरे। निरीक्षण के समय कई जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं पाए गए। टीम ने नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए सोनबरसा अल्ट्रासाउंड और राजनंदनी क्लीनिक को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर स्पष्ट किया कि बिना अनुमति या नियमों के विरुद्ध संचालित चिकित्सा संस्थान पूरी तरह अवैध हैं और इससे जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है।
जिलाधिकारी रिची पाण्डेय ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि बिना अनुमति या अवैध तरीके से संचालित अस्पताल, नर्सिंग होम, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे केंद्रों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

