सीतामढ़ी में पुलिस एक्शन मोड में: एसपी अमित रंजन की सख्ती, जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

0
img-20260325-wa00088058133218830649983

सीतामढ़ी। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रंजन ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित जन शिकायत सुनवाई में खुद फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।


सुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश और लंबित मामलों से जुड़ी शिकायतें रखीं। एसपी ने कई मामलों में संबंधित थाना प्रभारियों को सीधे फोन कर फटकार लगाई और तय समय सीमा में कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी। उन्होंने साफ कहा कि पुलिस कार्यप्रणाली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


इधर, एसपी के निर्देश पर जिलेभर में औचक निरीक्षण अभियान भी चलाया गया। सदर अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में पुपरी, परिहार, सुरसंड समेत कई थाना क्षेत्रों में गश्ती दल, डायल 112 की सक्रियता और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान वाहनों की स्थिति, उपस्थिति और क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।


जहां-जहां कमी पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों और जवानों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जिले में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती लगातार जारी रहेगी।


एसपी अमित रंजन की इस सक्रियता से लोगों में भरोसा बढ़ा है कि अब उनकी समस्याओं का समाधान तेजी से होगा और पुलिस व्यवस्था और अधिक जवाबदेह बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed