अपराध पर सख्ती का अल्टीमेटम, एसपी अमित रंजन ने दिए कड़े निर्देश
- सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन की अध्यक्षता में शनिवार को पुलिस केंद्र, सीतामढ़ी में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित कांडों की गहन समीक्षा की गई। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि लंबित और गंभीर मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुसंधान की गुणवत्ता, समयबद्ध निष्पादन और Citizen Centric Policing को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। गश्ती व्यवस्था मजबूत करने, Dial-112 के रिस्पांस टाइम में सुधार और CCTNS को नियमित रूप से अपडेट रखने पर जोर दिया गया।

मद्यनिषेध अभियान को लेकर निरंतर छापेमारी, जब्त शराब के शीघ्र विनष्टीकरण तथा अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए। वहीं POCSO, SC/ST, बलात्कार, दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया।

एसपी ने लंबित वारंट-इश्तिहार के निष्पादन, निरोधात्मक कार्रवाई, गुंडा परेड, स्पीडी ट्रायल के लिए कांड चिह्नित करने और आम जनता से शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरस्वती पूजा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई का आदेश भी दिया गया।
रिपोर्ट: नसीम अहमद
