सीतामढ़ी में ट्रैफिक पुलिस का सघन वाहन जांच अभियान, नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई
सीतामढ़ी:
सीतामढ़ी जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राष्ट्रीय राजमार्ग NH-77 से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, NH-77 पर विशेष रूप से ट्रैफिक पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की जा रही है। बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, ओवरलोडिंग, वाहन के वैध कागजात नहीं रखने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा रही है।

शहर के भीतर भी वाहन जांच अभियान को तेज कर दिया गया है। शंकर चौक, डुमरा सहित कई प्रमुख इलाकों में ट्रैफिक पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों को रोक-रोककर जांच की। अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वाहन चलाते समय सभी जरूरी कागजात अपने साथ रखें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
