यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा, सीतामढ़ी में चला विशेष जांच अभियान

सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन के निर्देशानुसार जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, आवागमन को सुचारू बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस द्वारा रोको-टोको अभियान एवं सघन वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस बल द्वारा दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य वाहनों के कागजातों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके।
जांच के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, वैध कागजात एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। कई स्थानों पर चालान काटे गए तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्रकार के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
