सोनबरसा में वाइब्रेंट विलेज योजना की प्रगति की समीक्षा, दो दिन में डीपीआर देने का निर्देश
सीतामढ़ी के सोनबरसा प्रखंड स्थित सभा भवन में वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त संदीप कुमार ने की। इस दौरान प्रखंड के चयनित पांच गांवों में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों के पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) दो दिनों के भीतर तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि वाइब्रेंट विलेज एक्शन प्लान के तहत संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

जिला योजना पदाधिकारी संतोष कुमार सुमन ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना, वहां के लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है। साथ ही सीमाई क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षा तंत्र को भी सहयोग प्रदान करना इस कार्यक्रम का लक्ष्य है।
उन्होंने जानकारी दी कि सोनबरसा प्रखंड के पांच गांवों समेत जिले के सीमावर्ती प्रखंडों के कुल नौ गांव इस योजना के तहत चयनित किए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्य सौंप दिए गए हैं और शीघ्र डीपीआर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जिला और प्रखंड स्तर के सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद
