एसपी के निर्देश पर जिलेभर में सख्त पुलिस निगरानी, औचक जांच से मचा हड़कंप
सीतामढ़ी। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के निर्देश पर शनिवार, 25 जनवरी 2026 को अंचल निरीक्षक, सदर द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
इस दौरान अंचल निरीक्षक ने ओन ड्यूटी (OD) जांच, गश्ती दलों की कार्यप्रणाली और डायल 112 की सतर्कता एवं सक्रियता की गहन समीक्षा की। पुनौरा धाम सहित कई संवेदनशील इलाकों में अचानक पहुंचकर उन्होंने पुलिसकर्मियों की तैनाती, ड्यूटी प्वाइंट, गश्ती की नियमितता और रिस्पांस टाइम की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान यह भी परखा गया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस बल कितनी तेजी और प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकता है। डायल 112 वाहनों की लोकेशन, स्टाफ की उपस्थिति, संचार व्यवस्था और उपकरणों की कार्यशीलता की भी जांच की गई।
अंचल निरीक्षक ने गश्ती दलों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। वहीं सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता के साथ शालीन व्यवहार, त्वरित प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस प्रशासन की इस सख्त और सक्रिय कार्रवाई से जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि ऐसे औचक निरीक्षण और जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद,
