सुरसंड में पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत, एक गंभीर घायल

0
image_editor_output_image516867193-17683029495535435248819664490505

सुरसंड (सीतामढ़ी): थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-227 पर हरारी दुलारपुर पुल के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वैन और बाइक की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी की ओर से तेज गति से आ रही पिकअप वैन (BR 5G B 6893) की टक्कर सामने से आ रही बाइक (BR 30F 8527) से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


मृतक और घायल की पहचान
मृतक की पहचान परिहार थाना क्षेत्र के सूतिहरा गोट, वार्ड नंबर 9 निवासी छोटन अंसारी के 22 वर्षीय पुत्र तौफीक अंसारी के रूप में की गई है।


वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक तोहिद अंसारी, पिता सलीम अंसारी (निवासी – सूतिहरा गोट) गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल को सदर अस्पताल किया गया रेफर
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता, अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पीटीसी मुकेश कुमार, महिला निरीक्षक सुमन कुमारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुरसंड भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक लालू कुमार ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।


शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है।


चावल लदी पिकअप वैन थी शामिल
थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता ने बताया कि पिकअप वैन सीतामढ़ी से चावल लादकर सुरसंड की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक अपने घर सूतिहरा लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।


फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पिकअप वैन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई और चालक की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed