सुरसंड में किशोरी का शव फंदे से लटका मिला, इलाके में सनसनी
सीतामढ़ी जिले के सुरसंड थाना क्षेत्र अंतर्गत अमाना पंचायत के वार्ड संख्या 11 में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव के सरेह स्थित एक बोर्डिंगनुमा घर में 15 वर्षीय अंजू कुमारी का शव फंदे से झूलता मिला। वह नीरस राय की पुत्री बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब ग्रामीणों ने सरेह की ओर से शोर सुना और मौके पर पहुंचकर देखा तो युवती का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही इलाके में सनसनी फैल गई और कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। परिजनों के रोने-चीखने से माहौल गमगीन हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सुरसंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया गर्दन पर रस्सीनुमा निशान दिखाई दे रहे हैं। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और मामले की जांच जारी है

