सुरसंड पुलिस की बड़ी सफलता: कुख्यात अपराधी प्रवीण कुमार उर्फ छोटू गिरफ्तार, बड़ी आपराधिक साजिश नाकाम
सीतामढ़ी। सुरसंड थाना क्षेत्र में एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही पुलिस ने समय रहते बड़ी सफलता हासिल कर ली है। कुख्यात अपराधी प्रवीण कुमार उर्फ छोटू किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस की मुस्तैदी ने उसकी साजिश पर पानी फेर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल किशोर गुप्ता, थाना अध्यक्ष, सुरसंड के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने STF टीम के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रवीण कुमार उर्फ छोटू इलाके में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सघन घेराबंदी और सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की, जिसके परिणामस्वरूप आरोपी को धर दबोचा गया।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी वारदात टल गई और आमजन ने राहत की सांस ली है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार अपराधी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में अग्रिम विधिसम्मत कार्रवाई जारी है तथा जल्द ही अन्य खुलासे होने की भी संभावना जताई जा रही है।
इस साहसिक और सराहनीय कार्रवाई के बाद सीतामढ़ी जिले में पुलिस की सक्रियता और कानून-व्यवस्था को लेकर आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने सुरसंड पुलिस और STF टीम की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
