सुरसंड पुलिस की कार्रवाई: चोरी की बाइक के साथ तीन चोर गिरफ्तार
सीतामढ़ी: सुरसंड थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। थाना अध्यक्ष लाल किशोर गुप्ता के निर्देश पर पुलिस टीम ने विभिन्न बाइक गैरेजों पर निगरानी रखते हुए चौकीदारों को भी खोजबीन में लगाया।
गुप्त सूचना के आधार पर पीटीसी अवर निरीक्षक रौशन कुमार झा ने पुलिस बल के साथ बिररख गांव स्थित महादेव मंदिर के पास चंदन बाइक गैरेज में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो चोरी की बाइक बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नगर पंचायत क्षेत्र के अशोक चौक वार्ड 19 निवासी धीरज कुमार, वार्ड 16 निवासी नितीश कुमार और वार्ड 17 मैदान टोला निवासी लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपियों में बघारी गांव निवासी मनीष कुमार तथा भिट्ठा थाना क्षेत्र के हनुमान नगर निवासी आशिक उर्फ सरफराज शामिल हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजते हुए सीतामढ़ी जेल भेज दिया है।

वही दूसरी घटना: दरवाजे से बाइक चोरी
इसी बीच पठनपुरा गांव वार्ड 8 के निवासी राजन कुमार की बाइक चोरी होने का मामला सामने आया है। राजन कुमार ने बताया कि उन्होंने रोज की तरह अपनी बाइक (BR 30 AP 6979, टीवीएस राइटर) घर के दरवाजे पर लॉक कर खड़ी की थी, लेकिन रात में अज्ञात चोर ताला तोड़कर बाइक चोरी कर ले गए।
इस संबंध में राजन कुमार के आवेदन पर सुरसंड थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
