सुरसंड में पुलिस का फ्लैग मार्च होली से पहले सख्त हुआ प्रशासन
सीतामढ़ी। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सुरसंड में पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। सुरसंड थाना अध्यक्ष लालकिशोर गुप्ता के नेतृत्व में शहर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य बाजार, चौक-चौराहों तथा संवेदनशील इलाकों में पैदल और बाइक मार्च कर आम लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। इस अभियान में अपर थाना अध्यक्ष सह अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, पीटीसी अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, सोनी कुमारी, हीरालाल पासवान, सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार, बब्लू कुमार सहित पुलिस बल एवं चौकीदार-दफादार शामिल रहे।
मार्च का उद्देश्य असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखना और आमजन के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान डीजे, हुड़दंग या कानून-व्यवस्था भंग करने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

