Bihar: राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में टैबलेट से दर्ज होगी छात्रों की उपस्थिति.
पटना। राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में अब छात्रों की उपस्थिति टैबलेट के माध्यम से दर्ज की जाएगी। शिक्षा विभाग ने इस व्यवस्था को अनिवार्य कर दिया है। इसकी निगरानी और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को सौंपी गई है।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने जिलों के प्रधानाध्यापकों को यह सुनिश्चित करने को कहें कि छात्रों की हाजिरी केवल टैबलेट से ही दर्ज की जाए। यह निर्देश शिक्षा विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिया गया।
परिभ्रमण योजना के तहत छात्रों को कराया जाएगा भ्रमण
परिभ्रमण योजना के अंतर्गत सरकारी स्कूलों के छात्रों को आसपास के चिन्हित स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारियों द्वारा प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। निर्देशों में यह भी शामिल रहेगा कि भ्रमण के बाद छात्रों से संबंधित अभिलेख समय पर जमा कराए जाएं।
न्यायालय से जुड़े मामलों पर सख्ती
न्यायालय से संबंधित मामलों में भी शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। ऐसे मामलों में 10 फरवरी से पहले प्रतिशपथपत्र (काउंटर एफिडेविट) दायर करने का स्पष्ट निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (स्थापना) को दिया गया है।

जिन जिलों में एक माह से अधिक समय से एमजेसी और सीडब्ल्यूजेसी से जुड़े मामले लंबित हैं, वहां के जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। इसके अलावा न्यायालय से जुड़े मामलों को लेकर कई अन्य आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।
