सीतामढ़ी में तेज रफ्तार ट्रक का कहर: 15 वर्षीय किशोर की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

0
image_editor_output_image-1678517193-17727254007889201385035626677934

सीतामढ़ी। जिले के नानपुर-पुपरी-सैदपुर मुख्य हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।


मृतक की पहचान मो. रेहान (15) के रूप में हुई है, जो मो. मौशरफ का पुत्र और नानपुर बाहर गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि रेहान करीब एक सप्ताह पहले ही घर आया था। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह साइकिल से चौक पर सामान लेने गया था। सामान लेकर घर लौटने के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।


हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और आक्रोश में सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को मुआवजा देने और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।


घटना की सूचना मिलते ही नानपुर थाना अध्यक्ष रुपेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ पु.अ.नि. सन्देश कुमार, चितरंजन कुमार, शशि कुमार, शीर्ष सनोज कुमार और ओमप्रकाश भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जाम हटाकर यातायात को सामान्य किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed