उत्तर भारत में फिर बढ़ेगी ठंड, आज 19 जनवरी से तापमान में तेज गिरावट के आसार

0
08_30_219085921de8105411458823863966

उत्तर भारत में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी लौटने वाली है। 19 जनवरी से तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ की दो सक्रिय प्रणालियाँ हैं, जो एक के बाद एक कई क्षेत्रों को प्रभावित कर रही हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इनका असर अगले सप्ताह तक पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बना रहेगा और 23 जनवरी तक बारिश व बर्फबारी की संभावना है।


मौसम विशेषज्ञ देवेंद्र त्रिपाठी के अनुसार, पश्चिम से चलने वाली हवाएं ऐसी स्थिति बना रही हैं जिससे ठंड और तेज होगी। उन्होंने बताया कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में 19 जनवरी के बाद सर्दी का असर बढ़ेगा और इन राज्यों में न्यूनतम तापमान मौजूदा स्तर से नीचे जा सकता है।


घने से अति घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई इलाकों में अगले दो से तीन दिनों तक घने से अति घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। खासतौर पर उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 19 जनवरी तक अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि कुछ क्षेत्रों में एक-दो दिन के लिए कोहरे से आंशिक राहत मिल सकती है, लेकिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में कोहरा बना रह सकता है।


दिल्ली का मौसम
दिल्ली में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। सुबह के समय कई इलाकों में मध्यम से घना कोहरा देखने को मिल सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।


पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ज्यादा हो सकती है। इसके अलावा, 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में शीत लहर की चेतावनी भी जारी की गई है।

 

Author: 𝑀𝑑 𝑃𝑎𝑟𝑣𝑒𝑧

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed