सीतामढ़ी के विवेक कुमार ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए चयन

0


सीतामढ़ी जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और खुशी का क्षण है कि जिले के प्रतिभाशाली भारोत्तोलक विवेक कुमार का चयन राज्य स्तरीय उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की तैयारी हेतु आयोजित प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। यह प्रशिक्षण शिविर 5 जनवरी से 2 फरवरी तक राजगीर स्थित खेल अकादमी में आयोजित होगा। इसके उपरांत विवेक 5 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक मोदीनगर में होने वाली राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में बिहार राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

विवेक की यह सफलता न केवल उनकी व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह जिले के सैकड़ों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। संघ के उपाध्यक्ष हरिशंकर प्रसाद ने कहा कि विवेक की उपलब्धि से जिले के युवा खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। वहीं उपाध्यक्ष आशुतोष कुमार एवं सचिव सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से इसे विवेक के कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया।

कोषाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार सुमन ने भी बधाई देते हुए आश्वस्त किया कि संघ भविष्य में खिलाड़ियों को हर संभव आर्थिक और प्रशासनिक सहयोग देता रहेगा। संघ के संरक्षक प्रो. राजकुमार गुप्ता ने कहा कि विवेक कुमार का चयन इस बात का प्रमाण है कि सीतामढ़ी की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है। यदि खिलाड़ियों को सही दिशा और संसाधन मिलें, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

सीतामढ़ी जिला पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष पंकज रमण ने विवेक को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता दर्शाती है कि सीतामढ़ी के खिलाड़ी शक्ति आधारित खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और इससे जिले में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी। विवेक कुमार की इस उपलब्धि पर जिले के खेल जगत से जुड़े कई प्रतिष्ठित लोगों ने भी शुभकामनाएँ दीं।

बधाई देने वालों में डॉ. राजीव कुमार, रितेश रमण सिंह, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार यादव, फुटबॉल संघ के सचिव सुरेश कुमार, साकिर हुसैन सहित अनेक खेल प्रेमी, प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी शामिल हैं। पूरे सीतामढ़ी जिले को विवेक कुमार से बड़ी उम्मीदें हैं और सभी को विश्वास है कि वे राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल बिहार, बल्कि सीतामढ़ी का नाम भी पूरे देश में गौरवान्वित करेंगे।

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed