श्रीलंका में चक्रवात दितवा का कहर, अब तक 330 से ज्यादा लोगों की मौत, भारत की मदद से बचाव अभियान जारी…

0
2025_12image_00_28_154614579001895154298697149406.jpg

International: भारतीय वायु सेना और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने चक्रवात दितवा से हुई तबाही के बाद रविवार को बचाव और राहत प्रयासों में श्रीलंकाई अधिकारियों की सहायता करना जारी रखा। चक्रवात दितवा के कारण 330 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

श्रीलंका के आपदा प्रबंधन केंद्र (डीएमसी) द्वारा रविवार शाम 6 बजे जारी किए गए नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, खराब मौसम की स्थिति के कारण 16 नवंबर से आई विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन में 334 लोगों की मौत हो गई है और 370 लोग लापता हैं। डीएमसी ने कहा कि 3,09,607 परिवारों के 11,18,929 लोग खराब मौसम की स्थिति से प्रभावित हुए हैं। एनडीआरएफ की टीम ने कोलंबो के कोच्चिकाडे में बचाव अभियान चलाया।

भारतीय वायु सेना ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, “गरुड़ कमांडो के एक समूह को सड़कों या रास्तों के बजाय खेतों, जंगलों आदि से होते हुए कोटमाले में पहले से संचालित हेलीपैड तक पहुँचाया गया, जहाँ से 24 यात्रियों – जिनमें भारतीय, विदेशी नागरिक और श्रीलंकाई शामिल थे – को कोलंबो ले जाया गया।” वायु सेना ने कहा कि एक समानांतर अभियान के दौरान, तीन गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को तत्काल चिकित्सा के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके अलावा, वायुसेना की टीम ने भूस्खलन प्रभावित इलाकों में राहत कार्य के लिए कोटमाले इलाके के दियाथलावा सैन्य शिविर से श्रीलंकाई सेना की “पाँच टीमों (40 सैनिकों)” को भी हवाई मार्ग से निकाला।

X पर एक पोस्ट में, भारतीय उच्चायोग ने कहा, “कोलंबो से दो भारतीय वायुसेना के विमानों ने उड़ान भरी, एक (विमान) 247 यात्रियों के साथ तिरुवनंतपुरम के लिए और एक (विमान) 76 यात्रियों के साथ दिल्ली (हिंडन) के लिए।” उच्चायोग ने कहा कि वह (भारतीय उच्चायोग) फंसे हुए भारतीय यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है और उनके शीघ्र प्रत्यावर्तन के लिए सुविधाएं प्रदान कर रहा है। उच्चायोग ने कहा कि श्रीलंका में फंसे भारतीय यात्री आपातकालीन नंबर +94 773727832 पर संपर्क कर सकते हैं या कोलंबो के भंडारनायके अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वर्तमान में चालू एयरलाइन काउंटर से संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed