सरकार का बड़ा फैसला: बीएसएफ में कांस्टेबल पद पर पूर्व अग्निवीरों को 50% कोटा.

National: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कांस्टेबल भर्ती के लिए पूर्व अग्निवीरों का कोटा 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया है। इस संबंध में एक गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है। आरक्षण में यह बढ़ोतरी सीमा सुरक्षा बल सामान्य ड्यूटी कैडर (गैर-गजटेड) भर्ती नियम, 2015 में संशोधन करके की गई है।
अधिसूचना के अनुसार, पूर्व अग्निवीरों को शारीरिक मानक परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण से भी छूट दी जाएगी। सीधी भर्ती (पचास प्रतिशत सहित) में हर भर्ती वर्ष में पूर्व अग्निवीरों के लिए रिक्तियां आरक्षित रहेंगी।
इसके अलावा पूर्व सैनिकों के लिए दस प्रतिशत और सालाना खाली पदों को भरने में काम्बैटाइज्ड कांस्टेबल (ट्रेड्समैन) के लिए तीन प्रतिशत तक पद आरक्षित रहेंगे।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में पहले से ही पूर्व अग्निवीरों के लिए आरक्षण
सरकार ने पहले ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों जैसे सीआरपीएफ, सीआइएसएफ, एसएसबी आदि में सभी भविष्य की कांस्टेबल नियुक्तियों के लिए पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत नौकरियों का आरक्षण किया है।
बीएसएफ भर्ती नियमों में परिवर्तन मुख्य रूप से पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ संवेदनशील भारतीय सीमाओं पर तैनात सीमा सुरक्षा बल से संबंधित हैं।
