बिहार में ठंड का कहर: कई जिलों में दिन का तापमान 7 डिग्री तक लुढ़का, 22 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी.

पटना। बिहार में ठंड ने अचानक तीखा रुख अपना लिया है। बुधवार को आधे से अधिक जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। कई इलाकों में अधिकतम तापमान 2 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। मौसम विभाग ने 22 दिसंबर तक घने और अत्यंत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए अधिकांश जिलों में रेड और येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
आईएमडी के अनुसार गुरुवार को दक्षिण-मध्य, पश्चिम, उत्तर और उत्तर-मध्य बिहार के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। सूरज के दर्शन नहीं हो सके, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह इस सीजन की पहली तेज ठंड है। हालांकि फिलहाल शीत लहर की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है।
पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, नालंदा और अरवल समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से 6–8 डिग्री तक नीचे रिकॉर्ड किया गया। मुजफ्फरपुर में अधिकतम तापमान 4.6 डिग्री, वैशाली में 6.1 और औरंगाबाद में 7.2 डिग्री तक गिर गया। सबसे कम दृश्यता भागलपुर में दर्ज की गई, जहां यह 50 मीटर तक सिमट गई।
घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। गया एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन बाधित रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हेलीकॉप्टर भी कोहरे के कारण उड़ान नहीं भर सका।
कोहरे की वजह से कई जगह सड़क हादसे हुए, जिनमें छह लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
