अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर सीतामढ़ी में निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवससीतामढ़ी। अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा वन प्रमंडल सीतामढ़ी के सहयोग से नगरपालिका मध्य विद्यालय भवदेपुर में पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्रकृति संरक्षण विषय पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति संरक्षण के महत्व को समझाना था।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वनों के क्षेत्र पदाधिकारी ने कहा कि जैव विविधता पृथ्वी पर जीवन का आधार है। पेड़-पौधों, वन्य जीवों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण मानव अस्तित्व के लिए अत्यंत आवश्यक है।
जैव विविधता प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सह ट्री मैन सुजीत कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जरूरी अभियान बन चुका है। उन्होंने बच्चों में बचपन से प्रकृति प्रेम और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने बच्चों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया तथा छात्र-छात्राओं के बीच पौधों का वितरण किया गया। बच्चों ने पौधे ग्रहण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और कलम देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वनपाल शिवानी कुमारी, वनरक्षी शुभम कुमार एवं रौशन कुमार, विद्यालय के शिक्षकगण, ट्री मैन सुजीत कुमार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

