डिजिटल अपराध का शिकार बने भाजपा मीडिया प्रभारी, एडिट फोटो भेजकर 5 लाख की रंगदारी की मांग

सीतामढ़ी जिले में डिजिटल अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी सह जिला प्रवक्ता रमण कुमार श्रीवास्तव साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का शिकार हुए हैं। आरोप है कि अपराधियों ने सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरें उठाकर एआई तकनीक से लड़कियों के साथ एडिटेड फोटो तैयार किए और उन्हें भेजकर पांच लाख रुपये की मांग की।
रुपये नहीं देने पर फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी गई। बताया गया कि यह वारदात उस समय हुई, जब भाजपा नेता एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाजरत हैं। जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर को डुमरा रोड शंकर चौक के पास हुए सड़क हादसे में उनका पांव बुरी तरह टूट गया था। चिकित्सक डॉ. अनिल सिंह द्वारा ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद वे फिलहाल बेड पर हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं।
पीड़ित ने सीतामढ़ी साइबर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 19 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। इसके बाद व्हाट्सएप मैसेज के जरिए फेसबुक से ली गई उनकी तस्वीरों को कई लड़कियों के साथ एडिट कर भेजा गया और लगातार कॉल कर पैसों की मांग की गई। आरोप है कि रकम नहीं देने पर बदनाम करने की धमकी दी जाती रही।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चिंता है और लोगों से अपील की जा रही है कि सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी और तस्वीरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें।
यह मामला एक बार फिर यह चेतावनी देता है कि एआई आधारित एडिटिंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से ब्लैकमेलिंग जैसे अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे निपटने के लिए साइबर सतर्कता और त्वरित कानूनी कार्रवाई बेहद जरूरी है।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
