सीतामढ़ी–मुजफ्फरपुर हाइवे पर दर्दनाक हादसा, खड़े बालू लदे ट्रक से कार की भीषण टक्कर

सीतामढ़ी–मुजफ्फरपुर हाइवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही बड़ा हादसा बनते-बनते रह गई। लगमा के समीप सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक में एक कार ने तेज गति से आकर जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कार चालक बाल-बाल बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और उस पर कोई स्पष्ट चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। अंधेरा होने और तेज रफ्तार के कारण कार चालक को ट्रक का अंदाजा नहीं लग सका और हादसा हो गया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत चालक को कार से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कराया। हादसे के कारण कुछ देर के लिए हाइवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों ने हाइवे पर खड़े भारी वाहनों पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिना सुरक्षा संकेत के ट्रक खड़ा करना आम लोगों की जान से खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि हाइवे पर खड़े अवैध वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक किस परिस्थिति में वहां खड़ा था। इस हादसे ने एक बार फिर हाइवे सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
