राबड़ी आवास में देर रात हलचल, सामान शिफ्ट करने का वीडियो आया सामने.

0

पटना: राजधानी पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास को खाली करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। बीते कुछ दिनों से लगातार आवास से सामान हटाया जा रहा है। मंगलवार देर शाम भी पिकअप वैन के जरिए पेड़-पौधों सहित अन्य घरेलू सामान को बाहर ले जाते देखा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है।


जब मौके पर मौजूद लोगों से सामान ले जाने की जगह को लेकर सवाल किया गया, तो किसी ने स्पष्ट जानकारी नहीं दी। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि आवास से हटाया जा रहा सामान महुआ बाग में निर्माणाधीन राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के नए आवास में शिफ्ट किया जा रहा है।


गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्रियों को आजीवन सरकारी आवास देने का प्रावधान समाप्त कर दिया गया है। इसी के तहत पद के अनुसार आवास आवंटन की नई व्यवस्था लागू की गई है। लालू प्रसाद यादव और उनका परिवार पिछले करीब 20 वर्षों से 10 सर्कुलर रोड स्थित इसी सरकारी आवास में रह रहे थे।


सरकारी नियमों में बदलाव के बाद इस बंगले को खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस मिलने के बाद अब आवास को चरणबद्ध तरीके से खाली किया जा रहा है। देर रात हो रही गतिविधियों और सामान शिफ्टिंग के वीडियो सामने आने के बाद सियासी गलियारों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed