एसपी की जन शिकायत सुनवाई, सीतामढ़ी में फरियादियों की समस्याओं पर मंथन

सीतामढ़ी। सीतामढ़ी जिला में आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से प्रत्येक कार्य दिवस को जन शिकायत सुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को अमित रंजन, पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी द्वारा जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।
पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याओं की प्रकृति को समझा तथा संबंधित थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु अग्रेषित किया।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को त्वरित न्याय मिल सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि जन शिकायत सुनवाई का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को निर्भय होकर पुलिस के समक्ष रखें, ताकि उनका समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सके। जिला पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की समस्याओं का त्वरित निवारण पुलिस की प्राथमिकता है और इस दिशा में जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
