सीतामढ़ी में रबी 2025–26 के लिए उर्वरकों की भरपूर उपलब्धता, कालाबाजारी पर सख्ती

0
SSB टीम की छापेमारी

सीतामढ़ी जिला के सभी प्रखंडों में रबी 2025-26 फसल सत्र के लिए उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा लगातार सभी प्रखंडों को आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिसंबर 2025 के अंत तक आईपीएल कंपनी से लगभग 1300 मीट्रिक टन यूरिया जिले को प्राप्त होने की सूचना है।

जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, तस्करी एवं अन्य अनियमितताओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से उर्वरक निरीक्षकों द्वारा नियमित एवं सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी परिप्रेक्ष्य में 25 दिसंबर 2025 को जिले के कुल 128 उर्वरक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई, जिसमें अनियमितता के आरोप में 01 प्रतिष्ठान का अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबित किया गया तथा 05 प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की गई।


वहीं 26 दिसंबर 2025 को भी जिले में छापेमारी अभियान जारी रहा, जिसमें अब तक 15 उर्वरक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान 01 प्रतिष्ठान का अनुज्ञप्ति निलंबित किया गया है।


इसके अतिरिक्त 26 दिसंबर 2025 को सशस्त्र सीमा बल (SSB) के सहयोग से इन्दरवा, प्रखंड–सोनबरसा में अवैध रूप से भंडारित उर्वरक को जब्त करते हुए संबंधित के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब तक रबी 2025 सत्र में अनियमितता के आरोप में जिले में 03 उर्वरक प्रतिष्ठानों का अनुज्ञप्ति रद्द, 01 प्रतिष्ठान पर प्राथमिकी दर्ज, 02 प्रतिष्ठानों का अनुज्ञप्ति निलंबित, तथा 07 प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण की मांग की जा चुकी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसानों के हितों की रक्षा हेतु निगरानी एवं छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed