भिट्ठा पुलिस की सख्त कार्रवाई: वाहन जांच के दौरान 90 लीटर नेपाली शराब बरामद, 5 तस्कर दबोचे गए

0

सुरसंड। भिट्ठा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच–227 पर वाहन जांच के दौरान दो बाइक पर सवार पांच शराबियों को 90 लीटर नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।

भिट्ठा थानाध्यक्ष मनोज कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय के नेतृत्व में शस्त्र बल के साथ थाना क्षेत्र के चांदनी चौक (नवाही) एनएच–227 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नेपाल की ओर से आ रही दो संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई, तो उनमें छिपाकर रखी गई 90 लीटर नेपाली सौफी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से पांचों शराबी सह शराब तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने शराब सेवन की पुष्टि की।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोतिहारी जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के पकड़ीदयाल गांव निवासी रामएकबाल सहनी, चोरौत थाना क्षेत्र के चोरौत गांव निवासी प्रहलाद कुमार, पुपरी थाना क्षेत्र के बलहा मकसूदन गांव निवासी फेकू कुमार सहनी, पुनौरा थाना क्षेत्र के रंजीतपुर गांव निवासी जवाहर महतो तथा रामईश्वर महतो के रूप में की गई है।


थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल से शराब की खेप दो बाइक पर लाई जा रही है। सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए नवाही चांदनी चौक पर वाहन जांच शुरू की गई, जिसमें यह बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने दोनों बाइक को जब्त कर लिया है।


अपर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार पांडेय के बयान पर गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में सीतामढ़ी जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को शराब तस्करी पर करारा प्रहार माना जा रहा है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed