सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, नगर थाना के पास नशाखोरी गिरोह ने एसएसबी जवान को बनाया शिकार.

0

सीतामढ़ी। शहर में सक्रिय नशाखोरी गिरोह ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। शनिवार को सशस्त्र सीमा बल का एक जवान नगर थाना से महज कुछ ही कदम की दूरी पर सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे जवान को अचेत अवस्था में देखा तो तत्काल इसकी जानकारी सीतामढ़ी नगर थाना को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जवान को अपने कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया।

आशंका जताई जा रही है कि जवान नशाखोरी गिरोह का शिकार हुआ है, जिसने किसी नशीले पदार्थ का सेवन कराकर उसे बेहोश कर दिया। घटना स्थल की संवेदनशीलता इस बात से और गंभीर हो जाती है कि यह पूरा मामला नगर थाना के बेहद नजदीक घटित हुआ। इससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि जवान किस परिस्थिति में वहां पहुंचा और उसके साथ क्या-क्या हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और जवान के होश में आने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी। इस घटना ने शहर में नशाखोरी गिरोह की सक्रियता को लेकर आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

रिपोर्ट: नसीम अहमद,

For Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed