बिहार में बड़ा रेल हादसा: पुल पार करते समय बेपटरी हुई सीमेंट लदी मालगाड़ी, नदी में गिरे 3 डिब्बे

बिहार के जमुई जिले में देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया। जसीडीह–झाझा मुख्य रेल खंड पर सीमेंट से लदी एक मालगाड़ी पुल पार करते समय बेपटरी हो गई। यह दुर्घटना आसनसोल रेल मंडल के अंतर्गत रात करीब 12 बजे हुई। राहत की बात यह रही कि हादसे का शिकार मालगाड़ी थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बधुआ नदी के पुल पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी टेलवा बाजार हॉल्ट के पास बधुआ नदी पर बने पुल संख्या 676 से गुजर रही थी, तभी अचानक तेज झटके के साथ ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं। हादसे में कुल 17 बोगियां डिरेल हो गईं, जिनमें से 3 सीमेंट से लदे डिब्बे सीधे नदी में जा गिरे। वहीं 12 बोगियां एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गईं और 2 बोगियां पलट गईं। पटरी और आसपास के इलाके में सीमेंट के कट्टे बिखर गए, जिससे दृश्य बेहद भयावह हो गया।
रेलवे में मची अफरा-तफरी
हादसे के तुरंत बाद लोको पायलट ने इंजन रोककर रेलवे अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
क्रेन से रेस्क्यू और बहाली कार्य जारी
रेलवे की ओर से भारी क्रेन और मशीनों की मदद से नदी में गिरे डिब्बों को निकालने और क्षतिग्रस्त पटरी को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
रेल यातायात प्रभावित
हादसे के कारण इस व्यस्त रेल खंड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। दिल्ली–हावड़ा मुख्य रूट की कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कुछ ट्रेनों को जसीडीह और झाझा स्टेशनों पर रोका गया है, जबकि कई ट्रेनों के मार्ग में बदलाव (डायवर्ट) किया गया है।

जांच के आदेश
आसनसोल रेल मंडल की पीआरओ बिपला बोरी ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। रेलवे प्रशासन ने घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यदि वे दिल्ली–हावड़ा या जसीडीह–झाझा रूट पर यात्रा करने वाले हैं, तो घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति रेलवे हेल्पलाइन या आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से जरूर जांच लें।
