सीतामढ़ी सदर अस्पताल में दीदी की रसोई व्यवस्था पर उठे सवाल, मरीजों को समय पर नहीं मिल रहा भोजन

सीतामढ़ी। सीतामढ़ी सदर अस्पताल में संचालित दीदी की रसोई की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि रोस्टर के अनुसार भर्ती मरीजों को समय पर और नियमानुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। कई मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि अस्पताल में भोजन थाली में देने के बजाय पत्ते पर परोसा जा रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जब मरीज या उनके परिजन थाली की मांग करते हैं तो रसोई कर्मियों द्वारा कथित तौर पर यह कह दिया जाता है कि “थाली खरीद कर ले आइए।” अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह की व्यवस्था मरीजों की गरिमा और स्वच्छता मानकों पर भी सवाल खड़े करती है।
मरीजों का कहना है कि वे पहले से ही बीमारी और आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं, ऐसे में भोजन को लेकर इस तरह की अव्यवस्था उन्हें और परेशान कर रही है। वहीं, यह पूरा मामला सीतामढ़ी सदर अस्पताल प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लगाता है।
अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर दीदी की रसोई की व्यवस्था में सुधार करते हैं या नहीं। तस्वीरें खुद अस्पताल की जमीनी हकीकत बयां कर रही हैं।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
