सीतामढ़ी में पुलिस अधीक्षक ने जताया कड़ा रुख, जन शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित.

सीतामढ़ी जिला में आम जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निवारण के उद्देश्य से प्रत्येक कार्य दिवस को जन शिकायत सुनवाई का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी अमित रंजन के द्वारा जन शिकायत सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया।
जन सुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों को संबंधित शाखाओं व पदाधिकारियों को अग्रेषित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि लोगों का विश्वास पुलिस-प्रशासन में बना रहे।

इस अवसर पर महिला हेल्प डेस्क प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जन सुनवाई से जुड़ी रहीं। महिला-संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन हेतु आवेदिकाओं से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। संवाद के दौरान प्राप्त तथ्यों के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट एवं आवश्यक निर्देश दिए गए, ताकि मामलों का शीघ्र निपटारा हो सके।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जन शिकायत सुनवाई के माध्यम से न केवल समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, बल्कि जनता और पुलिस के बीच संवाद को भी मजबूत किया जा रहा है। आगे भी इस प्रक्रिया को निरंतर जारी रखते हुए आम नागरिकों को समय पर न्याय और राहत उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
