राजधानी में प्रदूषण चरम पर, दो दिन तक कोहरे का कहर और हल्की बारिश के संकेत

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता मंगलवार को मामूली सुधार के साथ ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई और कुछ हिस्सों में घने कोहरे के कारण दृश्यता कम हो गई थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार के लिए भी घने कोहरे का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 388 दर्ज किया गया, जो सोमवार को 401 था। दिल्ली में 17 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि अन्य 17 केंद्रों ने इसे ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया।
सीपीसीबी के समीर ऐप के अनुसार, आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सबसे खराब रही और एक्यूआई 460 दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच का एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 ‘अत्यंत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ माना जाता है।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, 31 दिसंबर और एक जनवरी को एक्यूआई के ‘गंभीर’ श्रेणी में रहने की संभावना है, जबकि दो जनवरी को यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहेगा। अगले छह दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।
