सहियारा थाना क्षेत्र में पुलिस की सख्ती, नरहा गांव से सात की गिरफ्तारी

सीतामढ़ी। सीतामढ़ी जिले के सहियारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीती रात पुलिस ने नरहा गांव में छापेमारी कर अवैध शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 125 लीटर अवैध शराब बरामद की, साथ ही चोरी की तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर नरहा गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया, जहां अवैध शराब का भंडारण और कारोबार किया जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: नसीम अहमद,
