आम लोगों की सेहत को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार का बड़ा कदम

सीतामढ़ी। केंद्र सरकार ने दर्द और बुखार में इस्तेमाल होने वाली पेनकिलर दवा Nimesulide को लेकर एक अहम निर्णय लिया है। सरकार ने 100 mg से अधिक डोज वाली निमेसुलाइड की सभी ओरल (खाने वाली) दवाओं के निर्माण और बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
इस फैसले के बाद अब कोई भी दवा कंपनी 100 mg से अधिक डोज की निमेसुलाइड न तो बना सकेगी और न ही बाजार में बेच पाएगी। यह कदम हाई डोज से होने वाले संभावित स्वास्थ्य खतरों को देखते हुए उठाया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, निमेसुलाइड की अधिक मात्रा लेने से लिवर को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
इसी जोखिम को ध्यान में रखते हुए उच्च डोज वाली दवाओं पर प्रतिबंध लगाया गया है। हालांकि, 100 mg तक की निमेसुलाइड दवा डॉक्टर की सलाह पर पहले की तरह उपलब्ध रहेगी, जबकि इससे अधिक डोज वाली सभी ओरल दवाओं को बाजार से हटाया जाएगा। सरकार के इस फैसले को जनस्वास्थ्य की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
