यात्रियों की सुविधा एवं क्षेत्रीय विकास हेतु सप्तक्रांति एक्सप्रेस के मार्ग विस्तार व ठहराव की मांग,

सीतामढ़ी। पुपरी अनुमंडल मुख्यालय स्थित जनकपुर रोड रेलवे स्टेशन रेलवे विभाग के लिए न केवल राजस्व के लिहाज़ से महत्वपूर्ण है, बल्कि धार्मिक और व्यवसायिक दृष्टि से भी इसकी विशिष्ट पहचान है। इसके बावजूद स्टेशन पर कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव व परिचालन न होने से क्षेत्रवासियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इन समस्याओं को लेकर नगर सभापति ब्रजेश कुमार जालान ने सांसद देवेश चंद्र ठाकुर को पत्र लिखकर स्थिति से अवगत कराया है। पत्र में जनहित को ध्यान में रखते हुए जनकपुर रोड स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव, मार्ग विस्तार और नए परिचालन की मांग की गई है।
मांग-पत्र में विशेष रूप से सप्तक्रांति एक्सप्रेस के मार्ग विस्तार की मांग की गई है, ताकि इसे मुजफ्फरपुर से आगे बढ़ाकर सीतामढ़ी–जनकपुर रोड–कमतौल होते हुए दरभंगा तक चलाया जा सके। इसके अलावा सत्याग्रह एक्सप्रेस को रक्सौल से बैरगनिया, सीतामढ़ी और जनकपुर रोड होते हुए दरभंगा तक विस्तार देने का अनुरोध किया गया है।
साथ ही, सप्ताह में दो दिन चलने वाली दरभंगा–कोलकाता एक्सप्रेस को कमतौल और जनकपुर रोड होकर सीतामढ़ी तक विस्तारित करने की मांग रखी गई है। इसके अतिरिक्त कटरा–कामाख्या एक्सप्रेस, जोगबनी–रक्सौल एक्सप्रेस, रक्सौल–चिरापल्ली एक्सप्रेस और दरभंगा–जालंधर अंत्योदय एक्सप्रेस के जनकपुर रोड स्टेशन पर ठहराव की भी मांग की गई है।
नगर सभापति ने पत्र में उल्लेख किया है कि इन मांगों के पूरा होने से न केवल क्षेत्रीय यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, पर्यटन और धार्मिक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।
