नए साल पर हैरान करने वाला नजारा: हथौड़ी में सांप ने संभाली ट्रैफिक की कमान

Bihar: हथौड़ी (मुजफ्फरपुर)। नए साल 2026 के पहले ही दिन हथौड़ी इलाके में लोगों को एक हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिला। गुरुवार दोपहर छपरा–हथौड़ी मार्ग पर नरमा गांव के पास एक गेहूंअन सांप बीच सड़क पर फन फैलाकर बैठ गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सांप सड़क के बीच धूप सेंकता नजर आया। उसकी लंबाई काफी अधिक थी और वह देखने में विषैला प्रतीत हो रहा था। राहगीरों ने जैसे ही उसे देखा, वे डर के मारे रुक गए। कुछ देर बाद सांप ने फन फैलाकर लोगों की ओर देखना शुरू किया, जिससे अफरातफरी मच गई और देखते ही देखते वहां भीड़ जुट गई।
करीब एक घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। बाद में ग्रामीणों ने सतर्कता बरतते हुए सांप को सड़क किनारे कराया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। लोगों का मानना है कि ठंड की वजह से सांप धूप सेंकने बाहर निकला था।
